सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (CDLU) में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कुल 19 जन शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि एक शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने कई मामलों में सख्त रुख अपनाया। रानियां थाना के एक ASI के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं बिजली निगम के एक मामले में JE के खिलाफ चार्जशीट करने और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इसके अलावा एक आवास आवंटन मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए बताया कि सिरसा किन्नू को जीआई (GI) टैग मिल गया है। इससे सिरसा के किन्नू को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और किसानों को बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने डबवाली में करीब 3.30 करोड़ रुपये की लागत से बने वीटा मिल्क चिलिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सिरसा नागरिक अस्पताल में इंटीग्रेटेड ड्रग रिकवरी सेंटर का भी शुभारंभ किया, जहां नशा मुक्ति से जुड़े मरीजों को उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास की सुविधाएं मिलेंगी।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत पौधारोपण कर जिला स्तरीय वन महोत्सव की भी शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।





