---Advertisement---

कृषि मंत्री ने सिरसा डबवाली अनाज मण्डी का किया निरीक्षण, बोले- डीएपी-यूरिया की कमी नहीं आने देंगे

On: October 18, 2026 12:55 PM
Follow Us:
---Advertisement---

 

चेयरमैन सतीश जग्गा ने धान खरीद सीमा बढ़ाने पर जताया आभार; 3 नए खरीद केंद्रों के विकास और बी-ब्लॉक में जलभराव का मुद्दा उठाया, मंत्री ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा

डबवाली। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को डबवाली की नई अनाज मण्डी पहुंचकर खरीफ फसलों की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों, मजदूरों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया और मंडी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि किसानों को खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश में डीएपी और यूरिया खाद की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा किसानों की जरूरत के अनुसार खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

इससे पहले सुबह मंत्री श्याम सिंह राणा ने मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा के निवास पर पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान खरीफ सीजन की खरीद व्यवस्था, मंडियों की आवश्यकताओं और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर फीडबैक लिया।

धान खरीद सीमा बढ़ाने पर जताया आभार

मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा ने धान की प्रति एकड़ खरीद सीमा बढ़ाने पर सहमति देने के लिए कृषि मंत्री का आभार जताया। उन्होंने अबूबशहर सब-यार्ड को किन्नू मंडी के रूप में अधिसूचित करने तथा अबूबशहर और चौटाला सब-यार्ड में विकास कार्यों को मंजूरी देने के लिए भी मंत्री का धन्यवाद किया।

तीन नए खरीद केंद्रों के लिए मांगा बजट

चेयरमैन ने पन्नीवाला मोरिका, बनवाला और मांगेआना के नए खरीद केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर प्लेटफार्म कच्चे हैं और चारदीवारी भी नहीं है। ऐसे में खरीद सीजन के दौरान किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने तीनों केंद्रों पर प्लेटफार्म पक्के करवाने, चारदीवारी बनाने और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित करने के लिए बजट मंजूर करने की मांग की।

बी-ब्लॉक में जलभराव के स्थायी समाधान की मांग

सतीश जग्गा ने बी-ब्लॉक मंडी के निचले हिस्से में जलभराव की समस्या भी मंत्री के सामने रखी। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान यहां पानी जमा होने से खरीद कार्य प्रभावित होता है। इसलिए इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि नए खरीद केंद्रों में आवश्यक विकास कार्यों और बी-ब्लॉक में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, एसडीएम योगेश दिलहौर, डीएसपी डबवाली योगेश कटारिया, डीएमईओ राहुल कुंडू, भाजपा जिला अध्यक्ष रेणु शर्मा, विजय वधवा, राजप्रीत सिंह मांगेआना, मार्केट कमेटी उपाध्यक्ष अमीलाल पारीक, सचिव अजय सिंह, सहायक सचिव सुनील कुमार, कृष्ण चौहान, गगनदीप आसाखेड़ा, विजयंंत शर्मा, पंकज ढींगरा, जसवंत जाखड़, डा. रमेश, पार्षद मनीष मोंगा, विकास शर्मा, कृष्ण कामरा, हंसराज लखोत्रा, विनेश छाबड़ा, संदीप गर्ग, जगत नारायण शर्मा, संदीप कौशल, शाम लाल गंगा, मार्केट कमेटी सदस्य अजैब भाटी, संदीप चावला, भरत मुन्नावाली, जगदीश माहिर, संयम जिंदल, नंदलाल, कृष्ण किनिया, नीरज जिंदल, परमजीत जोतांवाली, अश्विनी बांसल, संदीप सिंगला, महावीर डूडी, मेनपाल वर्मा, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment