थाना शहर डबवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने पंजाब निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक स्कूटी और छह चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमकौर सिंह, गुरविंदर सिंह और गुरजीत सिंह निवासी जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। इस संबंध में डीएसपी मुख्यालय कपिल अहलावत ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 8 मार्च 2026 को मंडी डबवाली से एक मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी देवीलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक स्कूटी और अन्य चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई, जो मंडी डबवाली के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई थीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं, जिनमें नशा तस्करी, आबकारी अधिनियम, चोरी, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।
गौरतलब है कि डबवाली पुलिस ने दो दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले भी एक अन्य चोर गिरोह को पकड़कर कई चोरीशुदा वाहन बरामद किए गए थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों की सुरक्षा का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





