डबवाली
डबवाली पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए स्टाफ कालांवाली और एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) डबवाली की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। पुलिस ने कुल 503 ग्राम हेरोइन और 2 किलो 754 ग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है और एक कार भी जब्त की है।
थाना कालांवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी कालांवाली संदीप धनखड़ ने बताया कि पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए यह बड़ी सफलता हासिल की है।
सीआईए स्टाफ कालांवाली की टीम ने 10 मार्च 2026 को गश्त के दौरान डबवाली-कालांवाली रोड पर भारतमाला पुल के नीचे नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पंजाब से कुछ तस्कर कार में बड़ी मात्रा में हेरोइन लेकर आने वाले हैं और गांव सालमखेड़ा की ओर जाएंगे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सतर्कता बढ़ा दी और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद बठिंडा की तरफ से एक स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर UP-80 DK-2542) आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर कार चालक ने वाहन को वापस मोड़ने की कोशिश की, लेकिन घबराहट में कार बंद हो गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को घेर लिया और उसमें बैठे तीन लोगों को काबू कर लिया।
पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम जगमीत सिंह, कंडक्टर सीट पर बैठे व्यक्ति ने मलकीत सिंह और पीछे बैठे व्यक्ति ने भगवान सिंह उर्फ फौजी बताया। पुलिस ने नियमानुसार कार की तलाशी ली तो गियर लीवर के पास एक काले रंग के मोमी लिफाफे में 503 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार सहित बरामद हेरोइन को कब्जे में ले लिया और थाना शहर डबवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी मलकीत सिंह के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।
दूसरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) डबवाली की टीम ने की। एएनसी प्रभारी एएसआई रणजोध सिंह अपनी टीम के साथ मंडी डबवाली क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दीपा सिंह निवासी कणकवाल (जिला बठिंडा, पंजाब) मंडी कालांवाली क्षेत्र में अफीम की सप्लाई करता है और वह रात को ट्रेन के माध्यम से कालांवाली आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तख्तमल फाटक रोड, मंडी कालांवाली पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद रेलवे स्टेशन की तरफ से एक युवक हाथ में अटैची लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और वापस मुड़ने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम दीपा सिंह बताया। संदेह के आधार पर उसकी राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई तो अटैची में से 2 किलो 754 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना कालांवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि उनसे पूछताछ कर इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य क्षेत्र को नशा मुक्त बनाना है।
डीएसपी ने आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी को अपने आसपास नशा तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए मानस पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।





