पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन व निर्देशन में डबवाली पुलिस की साइबर सेल टीम ने तकनीकी दक्षता व सतत प्रयासों के बल पर एक सराहनीय कार्य करते हुए मार्च माह में प्राप्त शिकायतों के आधार पर खोए हुए 11 मोबाइल फोन ढूंढ निकालने में सफलता हासिल की है । बरामद किए गए मोबाइल फोन पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर आईपीएस द्वारा स्वयं उनके असल मालिकों को सुपुर्द किए गए ।
एसपी डबवाली के निर्देशानुसार साइबर सेल डबवाली प्रभारी एएसआई सुरेंद्र कुमार की टीम द्वारा आमजन के खोए हुए मोबाइल फोन की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । इसी कड़ी में विभिन्न स्थानों से गुम हुए मोबाइल फोनों के मालिकों से प्राप्त शिकायतों का निपटारा करते हुए तकनीकी माध्यमों से ट्रेस कर सफलतापूर्वक बरामद किया गया ।मोबाइल फोन प्राप्त करने वाले मालिकों में मनीष कुमार, राजा राम, बजरंग, कुणाल गुप्ता, राजू इकबाल सिंह पवन कुमार सोनु कुमार मौजूद रहे ।
मोबाइल फोन प्राप्त करने पहुंचे सभी फोन मालिकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी । अपने कीमती मोबाइल फोन वापस पाकर उन्होंने डबवाली पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक का तहेदिल से धन्यवाद किया और साइबर सेल की कार्यप्रणाली की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर कहा कि डबवाली पुलिस आमजन की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। भविष्य में भी साइबर सेल इसी प्रकार आमजन की सहायता हेतु सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।डबवाली पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाता है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।





