हरियाणा को मिला 8.76 लाख लीटर केरोसिन, BPL परिवारों को मिलेगी प्राथमिकता
देश में ईंधन की संभावित कमी को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने राज्यों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत अतिरिक्त केरोसिन तेल आवंटित किया है। इसी क्रम में हरियाणा को 8.76 लाख लीटर यानी 876 किलोलीटर केरोसिन दिया गया है। अब राज्य का खाद्य एवं आपूर्ति विभाग इस तेल के वितरण की तैयारी में जुट गया है, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक समय पर इसकी सप्लाई हो सके।
केंद्र सरकार के निर्देश पर हुआ आवंटन
यह आवंटन पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के तहत किया गया है। मंत्रालय ने वर्ष 2025-26 के दौरान जरूरत के हिसाब से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से सुपरियर केरोसिन ऑयल (SKO) उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।इसी योजना के तहत पड़ोसी राज्य पंजाब को भी 11.76 लाख लीटर यानी 1176 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है।
BPL परिवारों को मिलेगी प्राथमिकता
हरियाणा में केरोसिन के वितरण के दौरान बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। राज्य में लगभग 1.59 लाख ऐसे परिवार हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में आते हैं।सरकार का मानना है कि इन परिवारों को खाना बनाने और रोशनी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए केरोसिन की ज्यादा आवश्यकता होती है, इसलिए उन्हें पहले लाभ दिया जाएगा।
उचित मूल्य की दुकानों से मिलेगा केरोसिन
केरोसिन का वितरण उचित मूल्य की दुकानों यानी फेयर प्राइस शॉप (FPS) और तेल कंपनियों के रिटेल आउटलेट के माध्यम से किया जाएगा। हालांकि अंतिम पात्रता, मात्रा और वितरण की व्यवस्था राज्य सरकार तय करेगी।
केवल खाना बनाने और रोशनी के लिए उपयोग
केंद्र सरकार ने साफ निर्देश दिए हैं कि पीडीएस के तहत मिलने वाले केरोसिन का उपयोग केवल खाना बनाने और रोशनी के लिए ही किया जाएगा।सरकार ने राज्यों को यह भी निर्देश दिए हैं कि केरोसिन का इस्तेमाल पेट्रोल या डीजल में मिलावट या किसी अन्य गैरकानूनी काम में न होने पाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के परिवारों को वितरण में प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।
45 दिन के अंदर उठानी होगी पूरी सप्लाई
मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार राज्यों को आवंटित केरोसिन की पूरी मात्रा 45 दिनों के अंदर उठानी होगी। यदि तय समय में उठान नहीं होता है तो बची हुई मात्रा सुरक्षित नहीं रखी जाएगी। इसके अलावा केरोसिन की मौजूदा कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
गैस सप्लाई के लिए 5 हजार टीमें सक्रिय
हरियाणा में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई को सुचारु बनाए रखने के लिए सरकार ने करीब 5 हजार विशेष टीमों का गठन किया है। खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि इन टीमों के जरिए स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य जरूरी संस्थानों तक गैस की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई फिलहाल सामान्य है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
राज्य सरकार ने ईंधन संकट को लेकर फैल रही अफवाहों को भी गंभीरता से लिया है। मंत्री राजेश नागर के अनुसार विभाग ऐसे लोगों पर नजर रख रहा है जो गलत जानकारी फैलाकर लोगों में भ्रम पैदा कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि यदि कहीं घरेलू गैस की सप्लाई में दिक्कत, कालाबाजारी या स्टॉक से जुड़ी शिकायत सामने आती है तो लोग हेल्पलाइन नंबर 1967 पर जानकारी दे सकते हैं। शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।





