---Advertisement---

हरियाणा में आज 9 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, 23 जून तक बदलेगा मौसम

On: June 19, 2026 1:31 AM
Follow Us:
---Advertisement---

चंडीगढ़। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग (IMD) ने आज और कल प्रदेश के 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिलों में आज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 22 और 23 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में दोबारा मौसम प्रभावित रहेगा।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहने, हवाओं की दिशा बदलने तथा कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हालांकि 18 जून को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 18 जून तक हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment